गांधीनगर/मुंबई, 29 जुलाई 2026: गिफ्ट सिटी स्थित फंड मैनेजमेंट कंपनी अर्थ भारत इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स IFSC LLP ने अगले तीन वर्षों में अपने एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) को दोगुना कर 1.5 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। कंपनी का मौजूदा AUM करीब 750 मिलियन डॉलर है। गिफ्ट सिटी में परिचालन के दो साल पूरे होने के मौके पर कंपनी ने अपने अगले चरण की विस्तार योजना पेश की है।
कंपनी की ग्रोथ स्ट्रैटेजी तीन प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित होगी—नए निवेश उत्पाद लॉन्च करना, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मौजूदगी बढ़ाना और भारतीय समेत नए निवेशक वर्गों तक पहुंच बनाना।
चार नए फंड लॉन्च करने की तैयारी
अर्थ भारत अगले दो वर्षों में अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का बड़े स्तर पर विस्तार करने की योजना बना रहा है। कंपनी दो डॉलर-डिनॉमिनेटेड डेट ओरिएंटेड प्रोडक्ट लॉन्च करने की तैयारी में है। इनका लक्ष्य नियमित आय और शॉर्ट टर्म सरप्लस पार्क करने के विकल्प तलाश रहे निवेशकों को आकर्षित करना होगा।
इसके अलावा कंपनी एक कमोडिटी/प्रेशियस मेटल्स आर्बिट्राज फंड और एक ग्लोबल इक्विटी फंड लॉन्च करने की भी योजना बना रही है।
अर्थ भारत के मैनेजिंग पार्टनर सचिन सावरीकर के मुताबिक, कंपनी के छह फंड्स ने अब तक अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने दावा किया कि कंपनी के पहले फंड ने अपनी फंड लाइफ के शुरुआती तीन वर्षों में निवेशकों को छह गुना रिटर्न दिया है।
कंपनी एक प्रोप्राइटरी क्वांटिटेटिव इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी पर भी काम कर रही है। इसे लॉन्च से पहले बैक-टेस्ट और रिफाइन किया जाएगा। कंपनी इसके आधार पर भविष्य में एक निवेश योजना पेश करने की तैयारी में है।
दो साल में एक से छह फंड तक पहुंची कंपनी
गिफ्ट सिटी में परिचालन शुरू करने के दो वर्षों के भीतर अर्थ भारत एक फंड वाले प्लेटफॉर्म से बढ़कर छह फंड तक पहुंच गया है।
सावरीकर के मुताबिक, कंपनी ने दो लोगों के बूटस्ट्रैप्ड स्टार्टअप के तौर पर शुरुआत की थी और अब टीम का आकार करीब दस गुना हो चुका है। इसी तरह शुरुआत में को-वर्किंग स्पेस में चार सीटों से काम करने वाली कंपनी अब 2,345 वर्ग फुट के ऑफिस से परिचालन कर रही है, जहां करीब 60 लोगों के बैठने की क्षमता है।
कंपनी के अनुसार, वह गिफ्ट सिटी में थर्ड-पार्टी फंड मैनेजमेंट सेवाओं का लाइसेंस हासिल करने वाली शुरुआती संस्थाओं में शामिल रही है। कंपनी ने फिजिकल कमोडिटी-बैक्ड गोल्ड फंड भी लॉन्च किया है।
GIFT City में बढ़ेगा ऑफिस स्पेस
अर्थ भारत अपनी विस्तार योजना के तहत गिफ्ट सिटी में अतिरिक्त 3,300 वर्ग फुट ऑफिस स्पेस जोड़ रहा है। इसके बाद यहां करीब 100 लोगों के बैठने की क्षमता होगी।
कंपनी ने गिफ्ट सिटी में निर्माणाधीन शिल्प ट्विन टॉवर में 12,000 वर्ग फुट ऑफिस स्पेस लेने के लिए भी समझौता किया है। 28 मंजिला इस कमर्शियल ग्रेड-A प्रोजेक्ट के 2030 तक परिचालन में आने की उम्मीद है।
सावरीकर ने कहा कि कंपनी गिफ्ट सिटी को क्षेत्र के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित होते देख रही है और यहां अपनी दीर्घकालिक मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
दुबई-ओमान के बाद सिंगापुर और मॉरीशस पर नजर
अर्थ भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने की योजना बना रहा है। कंपनी की मध्य पूर्व में ओमान और दुबई में पहले से मौजूदगी है और अब इस क्षेत्र में अतिरिक्त विस्तार की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
इसके साथ ही मॉरीशस और सिंगापुर जैसे अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्रों में भी परिचालन शुरू करने के अवसरों का मूल्यांकन किया जा रहा है।
कंपनी का मानना है कि इससे उसे अंतरराष्ट्रीय पूंजी के नए स्रोतों तक पहुंच बनाने और अपने फंड मैनेजमेंट कारोबार को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने में मदद मिलेगी।
अब भारतीय निवेशकों पर भी फोकस
अर्थ भारत की अगली रणनीति का अहम हिस्सा भारतीय निवेशकों तक अपने निवेश उत्पादों की पहुंच बढ़ाना है। कंपनी के मुताबिक, अब तक उसके फंड मुख्य रूप से भारत के बाहर के निवेशकों से पूंजी जुटाने पर केंद्रित रहे हैं।
अब कंपनी भारतीय निवेशकों को भी अलग-अलग एसेट क्लास में वैश्विक निवेश के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है।
सावरीकर ने कहा कि इसके लिए कंपनी कई फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स और बैंकों के साथ बातचीत कर रही है, ताकि उसके निवेश उत्पाद घरेलू ग्राहकों तक पहुंचाए जा सकें।
इस रणनीति के तहत अर्थ भारत की योजना इस साल मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता में इन्वेस्टर रिलेशंस और डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिस खोलने की भी है।
कंपनी का लक्ष्य इन कदमों के जरिए भारत के प्रमुख वेल्थ मैनेजमेंट बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के साथ मध्य पूर्व और अन्य अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्रों में कारोबार का विस्तार करना है। अगले तीन वर्षों में इसी रणनीति के सहारे कंपनी अपने AUM को मौजूदा 750 मिलियन डॉलर से बढ़ाकर 1.5 अरब डॉलर तक पहुंचाना चाहती है।




