फ्रैंकलिन टेम्पलटन ने गिफ्ट सिटी से लॉन्च किया अपना पहला आउटबाउंड फंड, भारतीय निवेशकों को मिलेगा अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश का मौका

मुंबई/गांधीनगर, 12 नवंबर 2026: वैश्विक निवेश प्रबंधन कंपनी फ्रैंकलिन टेम्पलटन ने गिफ्ट सिटी (GIFT City) के जरिए अपना पहला आउटबाउंड फंड फ्रैंकलिन यूएस इक्विटी आईएफएससी फंड लॉन्च करने की घोषणा की है। इस फंड के माध्यम से भारतीय निवेशकों को अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश करने और अपने पोर्टफोलियो में अंतरराष्ट्रीय विविधता लाने का अवसर मिलेगा।

इस नए फंड को फीडर फंड के रूप में तैयार किया गया है, जिसके जरिए निवेशक मास्टर फंड FTGF पुतनाम यूएस रिसर्च फंड में निवेश कर सकेंगे। इसमें न्यूनतम निवेश की राशि 5,000 अमेरिकी डॉलर निर्धारित की गई है।

मास्टर फंड अमेरिका के शेयर बाजार में निवेश करने वाली एक एक्टिवली मैनेज्ड स्कीम है। 30 सितंबर 2026 तक इस फंड का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 10.6 अरब डॉलर से अधिक था। इसका प्रबंधन पुतनाम इन्वेस्टमेंट्स करती है, जो फ्रैंकलिन टेम्पलटन की ही एक कंपनी है।

तीन दशक से अधिक के निवेश अनुभव वाली यह स्कीम लंबी अवधि में निवेशकों की पूंजी बढ़ाने के उद्देश्य से अमेरिकी कंपनियों के शेयरों में निवेश करती है। इसके तहत S&P 500 इंडेक्स में शामिल कंपनियों में से बेहतर निवेश संभावनाओं वाले शेयरों का चयन किया जाता है।

फंड की निवेश रणनीति रिसर्च पर आधारित है। पुतनाम की ग्लोबल रिसर्च टीम कंपनियों की वित्तीय स्थिति, कारोबार की बुनियादी मजबूती और भविष्य की संभावनाओं का गहन विश्लेषण करके निवेश के फैसले लेती है। इसके साथ ही निवेश से जुड़े जोखिमों को भी ध्यान में रखा जाता है। कंपनी के अनुसार, इस रणनीति का पिछला प्रदर्शन लंबी अवधि में अपने बेंचमार्क से बेहतर रहा है।

अमेरिकी कंपनियों में निवेश का मिलेगा अवसर

फंड के लॉन्च पर फ्रैंकलिन टेम्पलटन इंडिया के प्रेसिडेंट अविनाश सातवलेकर ने कहा कि फ्रैंकलिन यूएस इक्विटी आईएफएससी फंड के लॉन्च के साथ कंपनी गिफ्ट सिटी के माध्यम से अपनी निवेश सेवाओं का विस्तार कर रही है। यह कंपनी का पहला आउटबाउंड निवेश फंड है।

उन्होंने कहा कि भारत में फ्रैंकलिन टेम्पलटन की लंबे समय से मौजूदगी और मजबूत वैश्विक नेटवर्क के जरिए निवेशकों को विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेश के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

सातवलेकर के मुताबिक, यह फंड रिसर्च आधारित एक्टिवली मैनेज्ड निवेश रणनीति के माध्यम से अमेरिका की प्रमुख कंपनियों में निवेश का अवसर प्रदान करता है। इसमें अलग-अलग सेक्टर में निवेश करने के बजाय गहन रिसर्च, अनुशासन और बेहतर कंपनियों के चयन पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि इस फंड का लॉन्च गिफ्ट सिटी में कंपनी के प्लेटफॉर्म के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारतीय निवेशकों को वैश्विक बाजारों में निवेश के नए और अलग विकल्प उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी।

वैश्विक निवेश के लिए नया विकल्प

फ्रैंकलिन टेम्पलटन एसेट मैनेजमेंट (आईएफएससी) प्राइवेट लिमिटेड के प्रिंसिपल ऑफिसर किरण वोलेटी ने कहा कि फ्रैंकलिन यूएस इक्विटी आईएफएससी फंड गिफ्ट सिटी के माध्यम से कंपनी का पहला आउटबाउंड फंड है।

उन्होंने कहा कि इस फंड के जरिए निवेशकों को दुनिया के सबसे बड़े और तेजी से विकसित हो रहे शेयर बाजारों में शामिल अमेरिकी बाजार में निवेश का अवसर मिलेगा। यह उन निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प हो सकता है, जो अपने निवेश पोर्टफोलियो का विस्तार भारतीय बाजार से आगे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक करना चाहते हैं।

ग्लोबल फाइनेंशियल हब के रूप में उभर रहा गिफ्ट सिटी

गुजरात का गिफ्ट सिटी भारत के ग्लोबल फाइनेंशियल हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लंदन, न्यूयॉर्क और सिंगापुर जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्रों की तर्ज पर एक मजबूत वित्तीय इकोसिस्टम तैयार करना है।

गिफ्ट सिटी के माध्यम से विदेशी निवेशकों को भारत में निवेश की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, भारतीय निवेशकों के लिए भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेश के नए रास्ते खुल रहे हैं।

इसके जरिए निवेशक अंतरराष्ट्रीय शेयरों, म्यूचुअल फंड, वेल्थ मैनेजमेंट प्रोडक्ट्स और अन्य विदेशी निवेश विकल्पों तक पहुंच बना सकते हैं।

फ्रैंकलिन टेम्पलटन का यह नया फंड ऐसे समय में लॉन्च हुआ है, जब भारतीय निवेशकों के बीच अपने पोर्टफोलियो में वैश्विक बाजारों को शामिल करने और निवेश में विविधता लाने की दिलचस्पी बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *