गांधीनगर/मुंबई, 2 जुलाई 2026। भारत के अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र गिफ्ट सिटी में एक नई वित्तीय पहल के तहत अर्थ भारत इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स आईएफएससी एलएलपी ने ‘अर्थ भारत फिनमेट फिजिकल गोल्ड फंड’ लॉन्च किया है। यह गिफ्ट सिटी का पहला फिजिकल कमोडिटी फंड और इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी (IFSCA) की मंजूरी प्राप्त करने वाला पहला गोल्ड फंड है।
यह लॉन्च इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि जनवरी 2026 में IFSCA ने कमोडिटी ट्रेडिंग को वित्तीय उत्पाद का दर्जा दिया था। इसके बाद पहली बार किसी फंड को सीधे फिजिकल गोल्ड में निवेश की अनुमति मिली है। बाजार विशेषज्ञ इसे गिफ्ट सिटी के वित्तीय इकोसिस्टम के लिए एक ऐतिहासिक कदम मान रहे हैं।
फंड को सिंगापुर की बुलियन विशेषज्ञ कंपनी फिनमेट (FinMet) के साथ साझेदारी में पेश किया गया है। यह एक ओपन-एंडेड और पैसिव फंड होगा, जिसका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्पॉट गोल्ड की कीमतों को न्यूनतम ट्रैकिंग एरर के साथ फॉलो करना है। फंड अपनी कम से कम 95 प्रतिशत संपत्ति लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन (LBMA) मानकों वाले गोल्ड बार में निवेश करेगा, जिनकी ट्रेडिंग गिफ्ट सिटी स्थित इंडिया इंटरनेशनल बुलियन एक्सचेंज (IIBX) पर होती है।
अर्थ भारत के मैनेजिंग पार्टनर Sachin Savarikar ने कहा कि IFSCA द्वारा तैयार किया गया रेगुलेटरी ढांचा नवाचार आधारित निवेश उत्पादों को बढ़ावा देता है और इससे गिफ्ट सिटी को वैश्विक वित्तीय केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
निवेशकों को मिलेगी साप्ताहिक लिक्विडिटी
फंड की एक प्रमुख विशेषता यह है कि निवेशक हर सप्ताह निवेश और रिडेम्प्शन कर सकेंगे। फिजिकल कमोडिटी आधारित फंड होने के बावजूद इसमें बेहतर लिक्विडिटी उपलब्ध होगी। फंड का कुल व्यय अनुपात (TER) केवल 0.65 प्रतिशत सालाना रखा गया है।
रिडेम्प्शन के समय निवेशकों को दो विकल्प दिए जाएंगे। वे चाहें तो प्रमाणित फिजिकल गोल्ड बार प्राप्त कर सकते हैं या उसके बराबर नकद राशि ले सकते हैं। फंड का सोना गिफ्ट सिटी स्थित India International Depository IFSC के बीमित और IFSCA-नियंत्रित वॉल्ट्स में सुरक्षित रखा जाएगा।
क्यों आकर्षक माना जा रहा है सोने में निवेश?
कंपनी के अनुसार सोना लंबे समय से पोर्टफोलियो विविधीकरण का प्रभावी माध्यम रहा है। पिछले 10 वर्षों में सोने ने लगभग 13.7 प्रतिशत CAGR और पिछले 5 वर्षों में 20.4 प्रतिशत CAGR का रिटर्न दिया है। वहीं 30 जून 2026 तक के एक वर्ष में सोने ने करीब 20 प्रतिशत का रिटर्न दिया।
अर्थ भारत का मानना है कि सोने की तीन प्रमुख खूबियां हैं—
- शेयर बाजार से बेहद कम सह-संबंध (कोरिलेशन)
- किसी काउंटरपार्टी या संप्रभु डिफॉल्ट का जोखिम नहीं
- लंबी अवधि में मजबूत रिटर्न की क्षमता
कंपनी का कहना है कि सोना पारंपरिक इक्विटी और बॉन्ड पोर्टफोलियो के साथ तीसरे महत्वपूर्ण एसेट क्लास की भूमिका निभा सकता है।
IIBX को मिलेगा नया संस्थागत निवेश आधार
यह फंड भारत के गोल्ड ट्रेडिंग इकोसिस्टम के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जुलाई 2022 में शुरू हुए India International Bullion Exchange पर अब तक ज्यादातर कारोबार ज्वेलर्स द्वारा सोने के आयात तक सीमित रहा है। संस्थागत निवेश फंडों की भागीदारी नगण्य रही है।
अर्थ भारत फिनमेट फिजिकल गोल्ड फंड IIBX पर फिजिकल गोल्ड रखने वाला पहला संस्थागत निवेश फंड होगा। इससे एक्सचेंज पर दीर्घकालिक निवेशकों की भागीदारी बढ़ने और ट्रेडिंग इकोसिस्टम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सचिन सावरिकर के अनुसार, इस पहल से अन्य फंड मैनेजर, फैमिली ऑफिस और संस्थागत निवेशक भी गिफ्ट सिटी के गोल्ड इकोसिस्टम से जुड़ सकते हैं। उनका मानना है कि इससे गिफ्ट सिटी केवल सोने के आयात का केंद्र नहीं बल्कि वैश्विक गोल्ड फाइनेंस हब के रूप में उभर सकती है।





