डबलिन में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

डबलिन स्थित भारतीय दूतावास परिसर में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। आयरलैंड में भारत के राजदूत एच.ई. श्री अखिलेश मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और भारत की माननीय राष्ट्रपति का राष्ट्र के नाम संबोधन पढ़कर सुनाया। प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के सदस्य और भारत के आयरिश मित्र समारोह में शामिल हुए।

अपने संबोधन में राजदूत मिश्रा ने कहा कि गणतंत्र दिवस का वास्तविक महत्व केवल उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक भारतीय के लिए संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों के प्रति स्वयं को पुनः समर्पित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला संविधान है, जो नागरिकों को अधिकार और स्वतंत्रता प्रदान करता है। साथ ही उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि अधिकारों की रक्षा तभी संभव है जब समाज अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करे।

राजदूत ने संविधान की प्रस्तावना का उल्लेख करते हुए सभी भारतीयों से भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने और देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने मौलिक कर्तव्यों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह धार्मिक, भाषाई और क्षेत्रीय विविधताओं से ऊपर उठकर सद्भाव और समान बंधुत्व की भावना को प्रोत्साहित करे, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करे और हिंसा का परित्याग करे। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विविध और बहुलतावादी देश में संवैधानिक आदर्शों को दैनिक जीवन में आत्मसात करना ही एक समावेशी और विकसित राष्ट्र के निर्माण का आधार है।

कार्यक्रम के दौरान राजदूत मिश्रा ने भारत-आयरलैंड संबंधों में हुई उल्लेखनीय प्रगति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 18 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 16 अरब यूरो) से अधिक हो गया, जो वर्ष 2021 में लगभग 5 अरब डॉलर था। उन्होंने लगभग एक लाख की संख्या वाले भारतीय समुदाय की सराहना की, जिन्होंने दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और आपसी समझ व सद्भाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

राजदूत ने विशेष रूप से भारतीय समुदाय की महिलाओं के योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाएं न केवल पेशेवर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, बल्कि स्वैच्छिक प्रयासों के माध्यम से भारतीय भाषाओं, नृत्य, कला और संगीत परंपराओं को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

इस अवसर पर राजदूत ने दूतावास की विभिन्न पहलों की जानकारी भी दी, जो भारत सरकार के “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के दृष्टिकोण से प्रेरित हैं। उन्होंने बताया कि दूतावास की ‘स्टेट कल्चरल सीरीज’ के तहत 23 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ व्यापार और पर्यटन की संभावनाओं को प्रदर्शित करना रहा। इन आयोजनों को सफल बनाने में विभिन्न राज्यों के कलाकारों और समुदाय के सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा।

समारोह का समापन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और भारत-आयरलैंड मैत्री को और सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *