कानपुर देहात।
कानपुर देहात के माती मुख्यालय में किसान-श्रमिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें अकबरपुर से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और श्रमिकों की भागीदारी रही। संगोष्ठी का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत की परिकल्पना और वीबी जी-राम-जी अधिनियम की जानकारी ग्रामीण समाज तक पहुंचाना था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संगोष्ठी का सबसे चर्चित क्षण तब रहा जब सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने स्वयं बैलगाड़ी चलाकर ग्रामीण संस्कृति और किसान परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। बैलगाड़ी चलाते हुए उन्होंने यह संदेश दिया कि विकसित भारत की मजबूत नींव गांव, किसान और श्रमिक हैं। उनके इस कदम का उपस्थित किसानों ने तालियों के साथ स्वागत किया और यह दृश्य कार्यक्रम का आकर्षण बन गया।
अपने संबोधन में सांसद भोले ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और किसान-श्रमिक देश की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि हर किसान तक उनका लाभ पहुंचे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संजय निषाद ने कहा कि किसान और श्रमिक समाज के बिना किसी भी राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की मजबूती से गांवों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना है। सरकार गरीब, वंचित और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पार्टी की राजनीति सेवा, समर्पण और विकास के मूल सिद्धांतों पर आधारित है तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों का सीधा लाभ किसान, युवा और श्रमिक वर्ग को मिल रहा है।
स्वामी विवेकानंद युवा समिति के अध्यक्ष विकास सिंह भोले ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि जब युवा वर्ग गांव, खेती और श्रम के सम्मान से जुड़ता है, तभी सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव होता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, जिला प्रभारी राजेश तिवारी, दिनेश राय, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
इनसेट : बैलगाड़ी बनी चर्चा का केंद्र
संगोष्ठी के दौरान सांसद देवेंद्र सिंह भोले और विकास सिंह भोले द्वारा बैलगाड़ी चलाना आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। यह दृश्य ग्रामीण संस्कृति, स्वदेशी सोच और किसान सम्मान का प्रतीक बनकर उभरा। कार्यक्रम का समापन किसान-श्रमिक सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और विकसित भारत के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित किसानों ने ऐसे आयोजनों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी संवाद जारी रखने की आवश्यकता जताई।






