मुंबई, 12 नवंबर 2026: वैश्विक बैंकिंग समूह स्टैंडर्ड चार्टर्ड ने गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) से अपनी वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं की शुरुआत की है। इसके साथ ही बैंक ने भारत में अपने हाई नेटवर्थ और अमीर ग्राहकों के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेश के नए विकल्प पेश किए हैं।
बैंक ने इस पहल के तहत अपने सिग्नेचर CIO फंड्स लॉन्च किए हैं। इनके जरिए ग्राहक बैंक के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिस (CIO) की निवेश रणनीतियों के अनुसार तैयार किए गए पोर्टफोलियो में निवेश कर सकेंगे। शुरुआती चरण में चार फंड पेश किए जाएंगे। ये फंड अलग-अलग एसेट क्लास में निवेश करने वाले विविध पोर्टफोलियो होंगे। बैंक आने वाले समय में वेल्थ मैनेजमेंट से जुड़े अन्य निवेश विकल्प भी पेश करने की योजना बना रहा है।
दुनिया के कई बाजारों में निवेश का मिलेगा मौका
सिग्नेचर CIO फंड्स को अमुंडी एसेट मैनेजमेंट और SBI फंड्स इंटरनेशनल (IFSC) लिमिटेड के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इन फंड्स को निवेशकों के अलग-अलग वित्तीय लक्ष्यों और जोखिम उठाने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।
इनके माध्यम से निवेशक वैश्विक इक्विटी, बॉन्ड, कमोडिटी, लिक्विड अल्टरनेटिव निवेश और नकदी जैसे विभिन्न निवेश विकल्पों में पैसा लगा सकेंगे। इसका उद्देश्य निवेशकों को एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए अलग-अलग एसेट क्लास और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेश का अवसर उपलब्ध कराना है।
गिफ्ट सिटी से वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं की शुरुआत भारत में स्टैंडर्ड चार्टर्ड की कारोबारी रणनीति के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बैंक को इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी (IFSCA) से गिफ्ट सिटी के माध्यम से कैपिटल मार्केट से जुड़े उत्पादों की बिक्री और वितरण की मंजूरी मिल चुकी है।
इस मंजूरी के बाद बैंक अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और निवेश प्रबंधन विशेषज्ञता का इस्तेमाल करते हुए ग्राहकों के लिए वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं और निवेश विकल्पों का विस्तार कर सकेगा।
गिफ्ट सिटी में बैंक की मौजूदगी होगी मजबूत
स्टैंडर्ड चार्टर्ड वर्ष 2020 में गिफ्ट सिटी में कारोबार शुरू करने वाला पहला विदेशी बैंक था। फिलहाल बैंक यहां कॉरपोरेट और संस्थागत ग्राहकों को विभिन्न बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। अब वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं की शुरुआत से गिफ्ट सिटी में बैंक की मौजूदगी और मजबूत होगी।
इससे बैंक अपने ग्राहकों की बैंकिंग और निवेश से जुड़ी जरूरतों को एक ही वित्तीय केंद्र के माध्यम से पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा। गिफ्ट सिटी को भारत के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
विदेशी बाजारों में निवेश को लेकर बढ़ रही दिलचस्पी
भारतीय निवेशकों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेश की रुचि लगातार बढ़ रही है। खासतौर पर अमीर और हाई नेटवर्थ निवेशक अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाने के लिए अलग-अलग देशों और एसेट क्लास में निवेश के अवसर तलाश रहे हैं।
अब निवेशकों की जरूरत केवल विदेशी बाजारों में निवेश तक सीमित नहीं है। वे विशेषज्ञों की सलाह, बेहतर पोर्टफोलियो प्रबंधन और वैश्विक निवेश विकल्पों तक आसान पहुंच भी चाहते हैं। ऐसे में गिफ्ट सिटी के जरिए उपलब्ध होने वाले नए निवेश उत्पाद वेल्थ मैनेजमेंट सेक्टर के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
13 बाजारों में उपलब्ध हैं सिग्नेचर CIO फंड्स
स्टैंडर्ड चार्टर्ड के ग्लोबल हेड (वेल्थ सॉल्यूशंस, रिटेल प्रोडक्ट्स, डेटा एंड एनालिटिक्स) समीर सुब्बरवाल ने कहा कि भारत में वेल्थ मैनेजमेंट सेक्टर तेजी से बदल रहा है। ग्राहक अब अपने निवेश में विविधता लाने और दुनिया के अलग-अलग बाजारों में अवसर तलाशने को लेकर अधिक जागरूक हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सिग्नेचर CIO फंड्स की शुरुआत गिफ्ट सिटी के एक अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में बढ़ते महत्व को दर्शाती है। इसके जरिए बैंक को भारत में अपने ग्राहकों तक विशेषज्ञ वेल्थ मैनेजमेंट सेवाएं पहुंचाने का एक नया अवसर मिलेगा।
सुब्बरवाल के मुताबिक, बैंक की CIO आधारित पोर्टफोलियो निवेश रणनीतियों को उसके वैश्विक नेटवर्क और निवेश विशेषज्ञता के साथ जोड़कर ग्राहकों को उनकी वित्तीय जरूरतों और जोखिम उठाने की क्षमता के अनुरूप निवेश विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गिफ्ट सिटी में वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं का विस्तार करने से भविष्य में भारत के ग्राहकों के लिए स्टैंडर्ड चार्टर्ड के और भी अंतरराष्ट्रीय निवेश उत्पाद उपलब्ध कराने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में लॉन्च होने के बाद से सिग्नेचर CIO फंड्स में अब तक 5 अरब डॉलर से अधिक का निवेश आ चुका है। फिलहाल ये फंड दुनिया के 13 बाजारों में उपलब्ध हैं और गिफ्ट सिटी इस सूची में शामिल होने वाला सबसे नया बाजार है।




