स्टैंडर्ड चार्टर्ड ने कविता कुलकर्णी को भारत और दक्षिण एशिया का CTOO नियुक्त किया

मुंबई। स्टैंडर्ड चार्टर्ड ने कविता कुलकर्णी को भारत और दक्षिण एशिया के लिए चीफ टेक्नोलॉजी एंड ऑपरेशंस ऑफिसर (CTOO) नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी में वह बैंक की टेक्नोलॉजी और ऑपरेशंस स्ट्रैटेजी को आगे बढ़ाने के साथ भारत और दक्षिण एशिया में बैंक की रणनीतिक प्राथमिकताओं पर काम करेंगी।

कविता कुलकर्णी स्टैंडर्ड चार्टर्ड की इंडिया कंट्री मैनेजमेंट टीम का भी हिस्सा होंगी और मुंबई से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगी।

कविता के पास बैंकिंग, वेल्थ मैनेजमेंट और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत के साथ ब्रिटेन और अमेरिका में कई बहुराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों में वरिष्ठ पदों पर काम किया है।

बार्कलेज में संभाल चुकी हैं अहम जिम्मेदारी

स्टैंडर्ड चार्टर्ड में शामिल होने से पहले कविता कुलकर्णी बार्कलेज बैंक में मैनेजिंग डायरेक्टर और प्राइवेट बैंकिंग एवं वेल्थ मैनेजमेंट की चीफ इन्फॉर्मेशन ऑफिसर थीं। इस दौरान उन्होंने ग्लोबल टेक्नोलॉजी और ऑपरेशंस टीमों का नेतृत्व किया।

बार्कलेज में अपनी भूमिका के दौरान उन्होंने ऑटोमेशन को बढ़ावा देने के साथ डिलीवरी साइकिल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाई।

इंजीनियरिंग के बाद फाइनेंस में MBA

कविता कुलकर्णी ने कर्नाटक यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस से फाइनेंस में MBA किया।

कविता की नियुक्ति पर स्टैंडर्ड चार्टर्ड के भारत और दक्षिण एशिया के CEO पी.डी. सिंह ने कहा कि बैंक उनके जुड़ने से बेहद प्रसन्न है। उन्होंने कहा कि बैंक लगातार इनोवेशन में निवेश और अपनी क्षमताओं को मजबूत कर रहा है। कविता की विशेषज्ञता और वैश्विक नेतृत्व का अनुभव ग्राहकों के लिए बैंकिंग अनुभव को अधिक सरल, तेज और मजबूत बनाने में मदद करेगा।

पी.डी. सिंह के मुताबिक, यह नियुक्ति भारत और दक्षिण एशिया में स्टैंडर्ड चार्टर्ड की दीर्घकालिक विकास रणनीति को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *