मुंबई, 23 जुलाई 2026: भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के लिए एक नया मार्केट इंडेक्स लॉन्च हुआ है। BSE की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी BSE Index Services Pvt. Ltd. ने BSE Total Market Index (BSE TMI) लॉन्च करने की घोषणा की है। नया इंडेक्स भारतीय शेयर बाजार की ज्यादा व्यापक तस्वीर पेश करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
BSE के मुताबिक, Total Market Index में ऐसी कंपनियों को शामिल किया जाएगा, जो टोटल मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर BSE AllCap Index के करीब 98% हिस्से को कवर करती हैं। साथ ही इंडेक्स में कम से कम 1,000 शेयर शामिल रखने का प्रावधान किया गया है।
BSE Total Market Index की क्या है खासियत?
आमतौर पर प्रमुख शेयर बाजार इंडेक्स में कंपनियों की संख्या पहले से तय होती है। मसलन Sensex में 30 और Nifty 50 में 50 कंपनियां शामिल हैं। लेकिन BSE Total Market Index को किसी निश्चित संख्या तक सीमित नहीं रखा गया है।
भारतीय शेयर बाजार का आकार बढ़ने के साथ इस इंडेक्स में शामिल कंपनियों की संख्या भी बढ़ सकती है। इसका उद्देश्य भारतीय लिस्टेड इक्विटी मार्केट के बड़े हिस्से को एक ही इंडेक्स के जरिए ट्रैक करना है।
इंडेक्स के लिए बेस वैल्यू 1,000 निर्धारित की गई है, जबकि इसकी फर्स्ट वैल्यू डेट 16 सितंबर 2005 रखी गई है।
BSE Total Market Index का पुनर्गठन यानी reconstitution साल में दो बार—जून और दिसंबर में किया जाएगा।
बाजार बढ़ेगा तो इंडेक्स का दायरा भी बढ़ेगा
BSE Index Services Pvt. Ltd. के MD और CEO आशुतोष सिंह के मुताबिक, एक वास्तविक Total Market Benchmark को स्थिर नहीं होना चाहिए बल्कि बाजार के साथ उसका दायरा भी बढ़ना चाहिए।
उनके मुताबिक, BSE Total Market Index को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें कंपनियों की संख्या की कोई तय अधिकतम सीमा नहीं है। यह BSE AllCap Universe के कम से कम 98% मार्केट कैपिटलाइजेशन को कवर करेगा या इसमें न्यूनतम 1,000 शेयर होंगे।
इसका मतलब है कि जैसे-जैसे भारत के कैपिटल मार्केट का विस्तार होगा, इंडेक्स भी उसके अनुरूप बदलता और बढ़ता रहेगा।
ETF और Index Fund के लिए बन सकता है नया Benchmark
BSE Total Market Index का इस्तेमाल केवल शेयर बाजार के प्रदर्शन को मापने तक सीमित नहीं रहेगा। BSE के मुताबिक, इस इंडेक्स के आधार पर ETF और Index Fund जैसी पैसिव इन्वेस्टमेंट स्कीम भी तैयार की जा सकती हैं।
इसके अलावा म्यूचुअल फंड स्कीम, Portfolio Management Services (PMS) और दूसरे फंड पोर्टफोलियो अपने प्रदर्शन की तुलना के लिए भी BSE Total Market Index को बेंचमार्क के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
अगर भविष्य में इस इंडेक्स को ट्रैक करने वाले ETF या Index Fund लॉन्च होते हैं, तो निवेशकों को एक ही निवेश प्रोडक्ट के जरिए भारतीय इक्विटी मार्केट के काफी बड़े हिस्से में एक्सपोजर हासिल करने का विकल्प मिल सकता है।
निवेशकों के लिए क्या मायने रखता है नया इंडेक्स?
Total Market Index का सबसे बड़ा अंतर इसका व्यापक कवरेज है। Large Cap कंपनियों तक सीमित रहने के बजाय इसका उद्देश्य भारतीय लिस्टेड मार्केट के बड़े हिस्से को प्रतिनिधित्व देना है।
हालांकि, BSE Total Market Index का लॉन्च होना अपने आप में कोई नया निवेश प्रोडक्ट लॉन्च होना नहीं है। निवेशक सीधे किसी इंडेक्स में पैसा नहीं लगाते। इसके लिए किसी AMC को इस इंडेक्स को ट्रैक करने वाला ETF या Index Fund लॉन्च करना होगा।
BSE का मानना है कि नया इंडेक्स निवेशकों और फंड मैनेजर्स को भारतीय शेयर बाजार के व्यापक प्रदर्शन को समझने और ट्रैक करने के लिए एक नया बेंचमार्क उपलब्ध कराएगा।





