डेवलपमेंट बैंक ऑफ जापान ने भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में किया पहला निवेश, एचडीएफसी कैपिटल के एच-ड्रीम फंड से जुड़ा

मुंबई, 29 मई 2026: जापान के सरकारी स्वामित्व वाले वित्तीय संस्थान डेवलपमेंट बैंक ऑफ जापान (DBJ) ने भारत के रियल एस्टेट क्षेत्र में अपना पहला निवेश करते हुए एचडीएफसी कैपिटल एडवाइजर्स लिमिटेड द्वारा प्रबंधित ‘एचडीएफसी कैपिटल डेवलपमेंट ऑफ रियल एस्टेट अफोर्डेबल एंड मिड-इनकम फंड’ (एच-ड्रीम फंड) में निवेश की घोषणा की है। यह निवेश भारत के आवासीय रियल एस्टेट क्षेत्र में बढ़ते वैश्विक भरोसे को दर्शाता है।

एचडीएफसी कैपिटल देश के सबसे बड़े रियल एस्टेट निवेश प्लेटफॉर्म्स में से एक है, जो मुख्य रूप से अफोर्डेबल और मिड-इनकम हाउसिंग परियोजनाओं पर केंद्रित है। कंपनी के विभिन्न फंड्स मिलाकर 4.5 अरब डॉलर से अधिक का निवेश प्लेटफॉर्म तैयार करते हैं। एच-ड्रीम फंड का लक्ष्य 50 करोड़ डॉलर जुटाने का है, जिसमें अतिरिक्त 50 करोड़ डॉलर का ग्रीनशू विकल्प भी शामिल है। अब तक इस फंड को 35 करोड़ डॉलर से अधिक की निवेश प्रतिबद्धताएं प्राप्त हो चुकी हैं।

डेवलपमेंट बैंक ऑफ जापान का यह निवेश उसकी अंतरराष्ट्रीय निवेश रणनीति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एच-ड्रीम फंड दुनिया के उन शुरुआती रियल एस्टेट फंड्स में शामिल है जो ग्रीन, अफोर्डेबल और मिड-इनकम हाउसिंग परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान देते हैं।

फंड उन आवासीय परियोजनाओं में निवेश करता है जो किफायती और मध्यम आय वर्ग के घरों के निर्माण पर केंद्रित हैं। इन परियोजनाओं को EDGE (Excellence in Design for Greater Efficiencies) फ्रेमवर्क के अनुरूप विकसित किया जाता है, जिससे ऊर्जा और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलता है तथा वैश्विक पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित होता है।

एचडीएफसी कैपिटल के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन दीपक पारेख ने कहा कि भारत और जापान के बीच मजबूत और भरोसेमंद साझेदारी लंबे समय से संस्थागत सहयोग पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय वित्तीय और रियल एस्टेट क्षेत्रों में जापानी निवेशकों की बढ़ती भागीदारी उत्साहजनक है और डेवलपमेंट बैंक ऑफ जापान का यह पहला निवेश देश के रियल एस्टेट क्षेत्र में दीर्घकालिक निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

डेवलपमेंट बैंक ऑफ जापान का मानना है कि यह निवेश भारत के रियल एस्टेट बाजार के सतत विकास को समर्थन देगा, जहां आवासीय जरूरतों और उपलब्धता के बीच अभी भी बड़ा अंतर मौजूद है। इसके साथ ही बैंक को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक भारत में निवेश के अवसर प्राप्त होंगे और उसके वैश्विक रियल एस्टेट पोर्टफोलियो में भौगोलिक विविधता भी बढ़ेगी।

एचडीएफसी कैपिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विपुल रूंगटा ने कहा कि बैंक का भारत में पहला रियल एस्टेट निवेश उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि एचडीएफसी कैपिटल की रणनीति शुरुआती चरण में गुणवत्तापूर्ण अफोर्डेबल और मिड-इनकम हाउसिंग परियोजनाओं को वित्तपोषित करने पर केंद्रित है, जिससे निवेशकों को दीर्घकालिक विकास और विविधीकृत निवेश अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

यह निवेश एचडीएफसी कैपिटल के ऑफशोर फीडर फंड स्ट्रक्चर के माध्यम से किया गया है, जिसे इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी (IFSCA) के नियामकीय ढांचे के तहत गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में स्थापित किया गया है। गिफ्ट सिटी भारत के अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में उभर रही है और वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

एच-ड्रीम फंड में IFC के Environmental & Social (E&S) Performance Standards और EDGE Green Building Framework को अपनाया गया है, ताकि प्रत्येक परियोजना में सस्टेनेबिलिटी और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *