घायल को अस्पताल पहुंचाने पर ₹25 हजार का इनाम, सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में दी गई जानकारी
कानपुर।
सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर नियंत्रण और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को कानपुर में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद युवा समिति के तत्वावधान में श्री नागा निरंकारी जी समाधि मंदिर परिसर, पाली धाम में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय रहे, जबकि आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने मुख्य वक्ता के रूप में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विकास सिंह भोले ने की।
अपने संबोधन में एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय ने यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, नशे में वाहन चलाने के खतरों तथा सुरक्षित ड्राइविंग के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी ही अधिकांश दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है।
अध्यक्षीय भाषण में विकास सिंह भोले ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण प्रतिदिन अनेक परिवार अपूरणीय क्षति झेलते हैं, जिसे थोड़ी सावधानी और जिम्मेदारी से रोका जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि तेज गति से वाहन चलाना, बिना हेलमेट ड्राइविंग करना और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। उनका कहना था कि यदि युवा वर्ग स्वयं अनुशासित रहेगा तो समाज स्वतः सुरक्षित बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना ही सच्ची देशसेवा है।
दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता के विषय में बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने नागरिकों से भयमुक्त होकर आगे आने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।
मुख्य वक्ता राहुल श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को यदि कोई नागरिक तुरंत अस्पताल पहुंचाता है, तो सरकारी योजना के तहत उसे ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि समय पर सहायता मिलने से अनेक कीमती जानें बचाई जा सकती हैं।
कार्यक्रम के आयोजक सचिन सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रूपनारायण त्रिपाठी, हेमंत त्रिपाठी, कमल कुशवाहा, रवि राज वर्मा, सोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।






