नैनीताल | 13 मार्च 2026
नैनीताल के चारखेत स्थित माउंटेन मैजिक परिसर में शुक्रवार से नैनीताल लिटरेचर फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ हो गया। फेस्टिवल का उद्घाटन कुमाऊं मंडल के आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत और प्रख्यात साहित्यकार प्रो. पुष्पेश पंत ने संयुक्त रूप से किया।
तीन दिन तक चलने वाले इस साहित्यिक महोत्सव में देश-विदेश के लेखक, रचनाकार, विचारक और फिल्मकार भाग ले रहे हैं। 15 मार्च तक आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल में साहित्य, सिनेमा और संस्कृति से जुड़े विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उद्घाटन सत्र में साहित्यकार प्रो. पुष्पेश पंत, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत सहित अन्य अतिथियों ने अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से चारखेत जैसे पर्यटन स्थलों को भी नई पहचान मिलती है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
दीपक रावत ने कहा कि इस आयोजन से स्थानीय लोगों को देश-विदेश के लेखकों और विचारकों से संवाद का अवसर मिलेगा। साथ ही युवाओं को साहित्य, लेखन और विचार की दुनिया में नई प्रेरणा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध लेखक और फिल्मकार इंद्रजीत पंत ने भी अपनी बहुचर्चित फिल्म राजुला मालूशाही पर अपने विचार व्यक्त करते हुए फिल्म की पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
फेस्टिवल में देश-विदेश से आए लेखक, साहित्यकार, विचारक और फिल्मकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे और विभिन्न साहित्यिक सत्रों में भाग लिया।






